Punjab News: पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चल रही विशेष मुहिम के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से चल रहे नार्को-आर्म्स तस्करी मॉड्यूल से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.5 किलो हेरोइन, 1.98 लाख रुपये की ड्रग मनी, दो पिस्तौल और पाकिस्तान निर्मित जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकिंदर सिंह उर्फ सिकंदर, हरपाल सिंह, गुरमुख सिंह और सुखदीप सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी अमृतसर के गांव रणियां के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक 9 एमएम और एक .30 बोर पिस्तौल के साथ 34 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पाकिस्तान-आधारित तस्करों से जुड़े थे आरोपी
पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। वे ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी गई हेरोइन और हथियारों की खेप प्राप्त कर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई कर रहे थे।
सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि चारों आरोपी आपस में करीबी रिश्तेदार हैं और एक ही परिवार से संबंधित हैं। हरपाल सिंह और गुरमुख सिंह सगे भाई हैं, जबकि जसकिंदर सिंह और सुखदीप सिंह उनके भतीजे हैं। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 33 वर्ष के बीच है।

पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। इस मामले में पुलिस थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
