पंजाब सरकार की यह अनोखी पहल लोगों को पवित्र स्थलों के दर्शन करवाएगी
यात्रा के दौरान लोग पंजाब की तरक्की, अमन-शांति और खुशहाली के लिए अरदास करेंगे – केजरीवाल
यह योजना सभी वर्गों, धर्मों, आय वर्गों और क्षेत्रों के लोगों के लिए होगी – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
लाभार्थियों के चयन के लिए पूरी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत की। अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जनता की सेवा के लिए वास्तव में एक अनोखा प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का चयन लॉटरी के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है।
ये भी पढ़े: Punjab: “केजरीवाल की मौजूदगी में CM मान ने RTO दफ्तर पर लगाया ताला, अब 1076 डायल पर घर पहुंचेगी सेवा”

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बहुत से लोगों के मन में पवित्र स्थलों के दर्शन करने की इच्छा होती है, इसलिए उनकी इस अभिलाषा को पूरा करने के लिए यह नई पहल की गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान संगत के साथ एक मेडिकल टीम भी जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। जो लोग किसी कारणवश अब तक पवित्र स्थलों के दर्शन नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह योजना वरदान साबित होगी। अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे धार्मिक स्थलों के दर्शन के दौरान पंजाब की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, संत-महापुरुषों, पीरों-पैगंबरों और शहीदों की पवित्र धरती है, जिन्होंने भाईचारे, एकता और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक एकता की भावना को और मजबूत करने के लिए पंजाब वासियों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने का यह विनम्र प्रयास किया जा रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि जिन बुजुर्गों के मन में लंबे समय से पवित्र स्थलों के दर्शन करने की इच्छा थी, उनकी यह कामना अब पूरी होगी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का यह दूसरा चरण लोगों की सुविधा के लिए शुरू किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 16 हजार श्रद्धालुओं का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदर साहिब, दुर्गियाना मंदिर, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जलियांवाला बाग, पार्टीशन म्यूज़ियम और अमृतसर के अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इसके अलावा, इस योजना के तहत लोग पंजाब के आनंदपुर साहिब और हिमाचल प्रदेश के माता नैना देवी मंदिर जैसे पवित्र स्थलों के भी दर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सभी वर्गों, धर्मों, आय वर्गों और इलाकों के लोगों के लिए खुली है। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान तीन दिन और दो रातों का ठहराव उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के श्रद्धालु पात्र होंगे और पंजीकरण के लिए वोटर कार्ड अनिवार्य होगा। भगवंत सिंह मान ने बताया कि हर 100 पंजीकृत व्यक्तियों में से प्रत्येक बूथ से लॉटरी द्वारा 40 श्रद्धालुओं का चयन किया जाएगा। उन्हें ए.सी. बसों, ए.सी. होटलों में ठहरने और भोजन की सुविधा दी जाएगी। प्रत्येक बस में यात्रियों की सहायता के लिए एक सहायक भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महान गुरु साहिबानों की शिक्षाओं और दर्शन के अनुरूप शुरू की गई है, जिन्होंने प्रेम, भाईचारे और अमन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य का एक बड़ा वर्ग अब तक देशभर के इन धार्मिक स्थलों की यात्रा नहीं कर पाया था, इसलिए राज्य सरकार ने रेल मंत्रालय के साथ समन्वय करके यात्रियों को अन्य राज्यों की यात्रा करवाने की व्यवस्था की है।
ये भी पढ़े: Punjab: पंजाब में पहली बार पुलिस कर्मियों की संख्या एक लाख के पार होगी – CM भगवंत सिंह मान

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं को देश और प्रदेश के विभिन्न पवित्र स्थलों की यात्रा की सुविधा देने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खुद को भाग्यशाली मानती है कि भगवान ने उसे जनता की ऐसी सेवा का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस से संबंधित कार्यक्रमों, नगर कीर्तन और मुख्य समारोहों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने पहले ही विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला तैयार कर ली है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, बरिंदर कुमार गोयल, ‘आप’ के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और अन्य मौजूद थे।
