MP News: लंबे इंतजार और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) को नया अध्यक्ष मिल गया है। किसान नेता महेंद्र सिंह यादव को बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पद पिछले करीब 11 वर्षों से खाली था और बैंक का संचालन प्रशासक के माध्यम से किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अब निगम मंडलों और सहकारी संस्थाओं में नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाल ही में चार निगम मंडलों में भी राजनीतिक नियुक्तियां की गई थीं।
2015 में भंग हुआ था संचालक मंडल
उल्लेखनीय है कि 13 मई 2015 को न्यायालय के आदेश के बाद अपेक्स बैंक का संचालक मंडल भंग कर दिया गया था। इसके बाद से बैंक का कामकाज प्रशासक के जरिए चल रहा था।
इससे पहले भंवर सिंह शेखावत नवंबर 2009 से 2015 तक बैंक के अध्यक्ष रहे थे। उनका कार्यकाल 2014 में समाप्त हो गया था, लेकिन नए चुनाव या नियुक्ति नहीं होने के कारण उन्हें कुछ समय तक पद पर बनाए रखा गया। बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी।
सहकारी संस्थाओं को मिलेगी नई मजबूती
महेंद्र सिंह यादव लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों और किसान आंदोलनों से जुड़े रहे हैं। उन्हें प्रशासनिक कार्यों का भी अच्छा अनुभव है। वे पहले मध्यप्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल चुके हैं।
उनकी नियुक्ति से जिला और ग्रामीण स्तर की सहकारी समितियों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों के बीच लंबे समय तक काम करने के कारण वे उनकी समस्याओं और जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं।
सहकारिता आंदोलन को मिलेगा नया दिशा
विशेषज्ञों का मानना है कि नए अध्यक्ष के रूप में महेंद्र सिंह यादव सहकारी समितियों और किसानों के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर सकते हैं। खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उनकी संगठनात्मक पकड़ मजबूत मानी जाती है, जिससे सहकारिता आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सकती है।
वर्षों बाद सहकारी क्षेत्र में नए अध्यक्ष की नियुक्ति होने पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
