Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (PM-USHA) एक बड़ी पहल बनकर उभरा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना, अनुसंधान को प्रोत्साहन देना और आधुनिक सुविधाओं का विकास करना है। इससे राज्य के लाखों छात्रों को सीधे लाभ मिल रहा है।
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को मिला बड़ा वित्तीय सहयोग
PM-USHA योजना के तहत देशभर में 12,926 करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के चयनित विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को भी बड़ी वित्तीय सहायता मिल रही है। विश्वविद्यालयों को 20 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक और चयनित कॉलेजों को बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक लैब का निर्माण
राज्य में योजना का क्रियान्वयन तेजी से जारी है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा केंद्र सरकार के साथ समझौता किया जा चुका है और कई संस्थानों ने अपनी परियोजना रिपोर्ट भी तैयार कर ली है। योजना के तहत कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर सेंटर और अन्य तकनीकी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा।
बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को प्राथमिकता
PM-USHA योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका समावेशी स्वरूप है। राज्य के सभी 33 जिलों को इसका लाभ मिल रहा है। विशेष रूप से बस्तर, सरगुजा और अन्य आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के सरकारी कॉलेजों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा कम सकल नामांकन अनुपात वाले क्षेत्रों और आकांक्षी जिलों के शिक्षण संस्थानों को भी योजना में शामिल किया गया है।
पांच लाख से अधिक छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
इस महत्वाकांक्षी योजना से छत्तीसगढ़ के विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत लगभग पांच लाख से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला छात्राओं को इसका विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति को मिलेगा मजबूती
PM-USHA योजना के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को बहु-विषयक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही उच्च शिक्षा संस्थानों की NAAC ग्रेडिंग और शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
योजना के तहत केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि रिसर्च और इनोवेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधुनिक प्रयोगशालाओं और संसाधनों की उपलब्धता से छात्रों और शिक्षकों को शोध कार्यों में नई संभावनाएं मिलेंगी, जिससे राज्य की शैक्षणिक पहचान मजबूत होगी।
ग्रामीण युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान
अब दूरदराज के गांवों और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉलेज और विश्वविद्यालय उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगे, जिससे शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय
PM-USHA योजना छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की आधारशिला बन रही है। आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाली यह योजना आने वाले वर्षों में राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
