आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन राशि में तीन गुनी वृद्धि, ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि भी हुई दोगुनी
करीब एक लाख आशा और ममता कार्यकर्ताओं को मिलेगा लाभ
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिलाओं को एक और बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाने वाली आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में तीन गुनी जबकि ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में दोगुनी वृद्धि की घोषणा की है। आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपये की जगह 3 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 की जगह 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार के इस फैसले को ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे करीब एक लाख आशा और ममता कार्यकर्ताओं को लाभ होगा।
ये भी पढ़ें: Bihar News: कृषि विभाग के प्रधान सचिव ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यव्यापी समीक्षा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा ‘नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी’।
ये भी पढ़ें: Bihar News: अगस्त से मिलने लगेगा 1.86 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ
ग्रामीण इलाकों में आशा एवं ममता कार्यकर्ता की अहम भूमिका
आशा एवं ममता कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की अहम कड़ी हैं। ग्रामीण इलाकों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रसव जैसी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में आशा और ममता कार्यकर्ता अहम भूमिका निभाती हैं। सुदूर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने में इनकी अहम भूमिका है। इनके अहम योगदान का सम्मान करते हुए सरकार ने मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि करने का फैसला लिया है। मानदेय वृद्धि के बाद आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के आत्मबल और कार्य क्षमता में वृद्धि होगी। वे पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर सकेंगी, इसका फायदा सुदूर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले आम लोगों को मिलेगा।

