Bihar News: पटना स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी पटना के एमिटी स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय एमिटी फिल्म महोत्सव 2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। इस कार्यक्रम ने सिनेमाई प्रतिभा, संगीत और रचनात्मक उत्साह की शानदार झलक पेश की। समापन दिवस पर लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत में विकास का किरदार निभाने वाले अभिनेता चंदन रॉय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों और युवा फिल्म निर्माताओं को अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मेहनत, जुनून और धैर्य से ही मनोरंजन जगत में सफलता हासिल की जा सकती है।
कुलपति ने बताया रचनात्मकता और सहयोग का उत्सव
विश्वविद्यालय के कुलपति विवेकानंद पांडे ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे रचनात्मकता, सहयोग और सिनेमाई अभिव्यक्ति का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नई सीख प्राप्त करने का अवसर देते हैं।

टैलेंट ट्रेजर कार्यक्रम ने बांधा समां
फिल्म महोत्सव के दौरान आयोजित उप-कार्यक्रम “टैलेंट ट्रेजर” ने पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा भर दी। इसमें छात्रों ने नृत्य, संगीत, चित्रकला और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया और माहौल को उत्सव जैसा बना दिया।
बिहार में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बढ़ रही संभावनाएं
वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया रणनीतिकार आनंद कौशल ने कहा कि बिहार सरकार युवा क्रिएटर्स और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए भविष्य में कई नए अवसर मौजूद हैं।

300 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
दो दिवसीय इस फिल्म महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 50 स्कूलों और कॉलेजों के 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में करीब 150 लघु फिल्में, रील और डॉक्यूमेंट्री पंजीकृत की गई थीं। समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार, प्रमाण पत्र और सम्मान देकर उनकी प्रतिभा को सराहा गया।
