Bihar

Bihar: CM नीतीश कुमार से 2023 बैच के 10 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों की मुलाकात

बिहार
Spread the love

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 2023 बैच के बिहार कैडर के 10 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुलाकात की। इस दौरान गरिमा लोहिया, तुषार कुमार, अनिरूद्ध पाण्डेय, कृतिका मिश्रा, आकांक्षा आनंद, प्रद्युम्न सिंह यादव, अंजली शर्मा, रोहित कर्दम, शिप्रा विजय कुमार चौधरी और नेहा कुमारी ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान जिलों में किए गए कार्यों के अनुभव साझा किए।
ये भी पढ़ेः Bihar: CM नीतीश ने अपने आवास पर लोगों से मिलकर होली की दी बधाई

इन 10 प्रशिक्षु अधिकारियों में 06 महिलाएं और 04 पुरुष शामिल हैं। इनमें 05 बिहार, 04 उत्तर प्रदेश और 01 राजस्थान के निवासी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि “आप सभी ने अपने अनुभव साझा किए, यह सुनकर अच्छा लगा। आप लोग फिलहाल ट्रेनिंग पीरियड में हैं, उसके बाद आपकी पोस्टिंग होगी। सरकार नीति बनाती है और उसे क्रियान्वित करने में आईएएस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि “आपमें से 06 महिलाएं हैं, यह बहुत खुशी की बात है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जिससे मुझे बड़ी प्रसन्नता होती है। बिहार में पंचायत चुनाव और नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। ऐसा करने वाला बिहार देश का पहला राज्य बना। 50 प्रतिशत आरक्षण मिलने से बड़ी संख्या में महिलाएं समाज में प्रतिनिधित्व के लिए आगे आ रही हैं। पुलिस में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, और बिहार में जितनी महिलाएं पुलिस सेवा में हैं, उतनी संख्या देश में कहीं नहीं है। राज्य के सभी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।”

ये भी पढ़ेः Bihar News: बिहार में जंगल राज रोकना है तो फिर से नीतीश का आना जरूरी: सम्राट चौधरी

इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, सचिव कुमार रवि और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी उपस्थित थे।