Haryana के नतीजों पर मंथन जरूरी: CM नायब सिंह सैनी

चुनाव 2024 राजनीति हरियाणा
Spread the love

Haryana Lok Sabha Election Result 2024: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी (CM Naib Singh Saini) ने कहा कि हरियाणा के नतीजों पर मंथन जरूरी है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) 2024 बेहद ही रोमांचक रहा। हरियाणा में 5 पर बीजेपी और 5 पर कांग्रेस की जीत लगभग तय है। प्रदेश में सर्वाधिक मतों से रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा जीत हासिल करेंगे। लीड का दूसरा सबसे अधिक मार्जिन सिरसा से कुमारी सैलजा के नाम पर दर्ज होगा। करनाल में पूर्व सीएम मनोहर लाल भी दो लाख से अधिक मतों से जीत की ओर अग्रसर हैं।
ये भी पढ़ेः Delhi के हरियाणा भवन पहुँचे CM नायब सिंह सैनी..कहा चुनाव नतीजे सकारात्मक होंगे

Pic Social Media

हरियाणा में बीजेपी के प्रदर्शन पर नायब सिंह सैनी का रिएक्शन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Naib Singh Saini) ने कहा, “यह लोकतंत्र का जनादेश है, मुझे खुशी इस बात की है कि PM मोदी ने जिस ईमानदारी से देश को आगे बढ़ाने का काम किया है उसपर लोगों ने मुहर लगाई है। PM मोदी तीसरी बार देश की सेवा करेंगे। पिछली बार हरियाणा की 10 की 10 सीटें हमने जीती थी, इस बार कहां कमी रह गई उसका हम आकलन करेंगे।”

सिरसा में कुमारी सैलजा का जलवा

वहीं सैलजा के सामने भाजपा ने सिरसा में पूर्व सांसद डॉ़ अशोक तंवर को टिकट दिया था। चुनावी रुझानों ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा ने सिरसा का उम्मीदवार चयन करने में गलती की। तंवर की पहले दिन से ही खिलाफत थी। लोकसभा के इन चुनावों में यह स्पष्ट हो गया कि हरियाणा के लोगों ने इस बार चौटाला परिवार की इनेलो और जननायक जनता पार्टी को पूरी तरह से नकार दिया है। प्रदेश की किसी भी लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला नहीं बन सका।

सभी दस सीटों पर भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। वहीं दूसरी ओर, करनाल विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में सीएम नायब सिंह सैनी कांग्रेस के सरदार तरलोचन सिंह पर बढ़त बनाए हुए हैं।

मनोहर लाल, नवीन जिंदल और राव इंद्रजीत सिंह आगे

हरियाणा में कुरुक्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार नवीन जिंदल, करनाल से मनोहर लाल, भिवानी-महेंद्रगढ़ से धर्मबीर सिंह, गुड़गांव राव इंद्रजीत सिंह, फरीदाबाद से कृष्ण पाल आगे चल रहे हैं.

हरियाणा में 5-5 सीटों पर आगे

हरियाणा में कांटे की टक्कर जारी है। कांग्रेस और बीजेपी में जबरदस्त मुकाबला दिख रहा है। चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक दोनों ही पार्टी इस समय 5-5 सीटों पर आगे है।

अंबाला व भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट

अंबाला लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के वरुण मुलाना अभी तक के सभी राउंड में आगे रहे हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया की पत्नी व भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया पर सुबह से ही बढ़त बनाकर रखी। वर्तमान में भी वे 39 हजार 928 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। इसी तरह से भिवानी-महेंद्रगढ़ में भाजपा के मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह शुरू से ही कांग्रेस के राव दान सिंह पर भारी पड़ते नज़र आए। धर्मबीर सिंह 41 हजार 310 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं।

फरीदाबाद लोकसभा सीट

फरीदाबाद लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के साथ कांटे की टक्कर मानी जा रह थी। लेकिन अब मतगणना के रुझानों से स्पष्ट है कि कृष्णपाल गुर्जर का पलड़ा काफी भारी था। अभी भी केपी गुर्जर, कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह के मुकाबले 1 लाख 61 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

गुरुग्राम लोकसभा सीट

गुरुग्राम लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह दोपहर एक बजे तक कांग्रेस के राज बब्बर से पिछड़ते रहे। इसके बाद राव इंद्रजीत सिंह ने ऐसी वापसी की कि फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस सीट पर राव इंद्रजीत सिंह की जीत लगभग तय मानी जा रहा है।

वर्तमान में वे 63 हजार 581 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। शुरूआती रुझानों ने राव समर्थकों की चिंता बढ़ा दी थी। लेकिन जिस तरह से राज बब्बर ने राव इंद्रजीत सिंह को टक्कर दी है, वह काबिले तारीफ है। मेवात जिला के तीन हलकों में मतदान प्रतिशत 62 प्रतिशत की जगह अगर 70 प्रतिशत पार कर जाता तो राव साहब की जीत मुश्किल हो जाती।

हिसार में जेपी की वापसी

हिसार पार्लियामेंट से पूर्व में चुनाव हारते और जीतते रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ‘जेपी’ ने इस बार गजब तरीके से वापसी की है। विपरीत परिस्थतियों में उन्हें कांग्रेस टिकट मिला था। यहां से मौजूदा सांसद होते हुए बृजेंद्र सिंह ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की थी। ऐसे में उनका टिकट पक्का माना जा रहा था लेकिन कांग्रेस ने जेपी पर भरोसा जताया।

वहीं सत्तारूढ़ भाजपा ने प्रदेश के बिजली मंत्री व चौ़ देवीलाल के बेटे चौ. रणजीत सिंह को टिकट दिया। रणजीत सिंह शुरूआत में लीड बना रहे थे लेकिन बाद में जेपी ने उन पर बढ़त बना ली। आखिर तक भी रणजीत सिंह, जेपी की लीड को तोड़ नहीं सके। वर्तमान में भी कांग्रेस के जेपी 33 हजार 984 मतों से आगे चल रहे हैं।

कुरुक्षेत्र में पलटी बाजी

इस पार्लियामेंट सीट पर इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के डॉ़ सुशील गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के नवीन जिंदल से था। यहां आमने-सामने की टक्कर रही। इनेलो के अभय सिंह चौटाला ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश चुनाव प्रचार के दौरान की लेकिन लोगों ने उन्हें स्वीकार नहीं किया।

कुरुक्षेत्र में अभय का शर्मनाक प्रदर्शन रहा है और वे अपनी जमानत भी नहीं बचा सकेंगे। अब कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल की जीत में कोई जोखिम नज़र नहीं आता। नवीन जिंदल, इंडिया गठबंधन के सुशील गुप्ता पर 23 हजार 256 मतों की लीड बनाए हुए हैं।

सोनीपत में ब्रह्मचारी मारेंगे बाजी

हरियाणा में यह अकेली ऐसी लोकसभा सीट है, जिस पर दोनों ही पार्टियों – भाजपा व कांग्रेस की धड़कनें सुबह से ही बढ़ी रही। दोनों पार्टियों के नेताओं का बीपी सुबह से ही अप-डाउन होता रहा। अब चूंकि मतणगना आखिरी दौर में है। मौजूदा रुझानों के हिसाब से कहा जा सकता है कि कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीत रहे हैं। वे भाजपा के मोहनलाल बड़ौली पर 9 हजार 984 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।