Bihar News: नई दिल्ली/पटना, 16 जुलाई। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन भी बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा स्थापित बिहार पैवेलियन निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, खरीदारों और टेक्सटाइल उद्यमियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने बिहार के विकसित हो रहे वस्त्र एवं परिधान उद्योग, निवेश-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
कई प्रमुख हस्तियों ने किया बिहार पैवेलियन का दौरा
तीसरे दिन आंध्र प्रदेश की हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री एस. साविता, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के अध्यक्ष जावेद अशरफ, महाराष्ट्र रेशम निदेशालय के उप निदेशक डॉ. महेंद्र बी. धावले तथा बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यापारी आयोग के नामित सदस्य रोहित चंद्र ने बिहार पैवेलियन का भ्रमण किया।
इस दौरान हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक डॉ. विद्या नंद सिंह, एमएसएमई निदेशक अमन समीर और उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने अतिथियों को बिहार के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों, उद्योग-अनुकूल नीतियों, कौशल विकास कार्यक्रमों और विकसित हो रहे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी।
जीआई-टैग उत्पादों और हस्तशिल्प ने खींचा ध्यान
बिहार पैवेलियन में राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, जीआई-टैग उत्पादों, हस्तशिल्प, आधुनिक औद्योगिक दृष्टिकोण और टेक्सटाइल एवं अपैरल वैल्यू चेन में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के दौरान कई निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं में विशेष रुचि दिखाई।
टेक्सटाइल निवेश का उभरता केंद्र बन रहा बिहार
उद्योग विभाग के अनुसार भारत टेक्स 2026 में मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया इस बात का संकेत है कि बिहार वस्त्र एवं परिधान उद्योग के क्षेत्र में देश के उभरते निवेश गंतव्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। राज्य की समृद्ध परंपरा, कुशल मानव संसाधन, प्रगतिशील औद्योगिक नीतियां और विकसित होता औद्योगिक इकोसिस्टम इसे निवेश के लिए आकर्षक विकल्प बना रहे हैं।
17 जुलाई तक खुला रहेगा बिहार पैवेलियन
उद्योग विभाग ने निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और आम आगंतुकों से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, हॉल नंबर-11, स्टॉल A4 स्थित बिहार पैवेलियन का भ्रमण कर राज्य के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी लेने की अपील की।
