Bihar News: पटना, 16 जुलाई। बिहार स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना स्वीकृत अवकाश के रोस्टर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों को निलंबित किया जाएगा। वहीं, मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी अस्पताल भेजने या सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों पर भी कड़ी विभागीय कार्रवाई होगी।
चार जिलों के अस्पतालों की हुई समीक्षा
स्वास्थ्य सचिव ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अरवल, भोजपुर, लखीसराय और सहरसा जिलों के सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान ड्यूटी रोस्टर, सर्जरी सेवाओं, BHAVYA पोर्टल पर ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं की प्रविष्टि और रेफरल व्यवस्था का मूल्यांकन किया गया।
रोस्टर ड्यूटी में लापरवाही पर निलंबन
समीक्षा बैठक में सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया कि अस्पतालों में रोस्टर ड्यूटी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि यदि कोई डॉक्टर बिना स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसकी तत्काल सूचना विभाग को भेजी जाए और उसके विरुद्ध निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जाए।
निजी अस्पताल भेजने और प्राइवेट प्रैक्टिस पर सख्ती
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ जांच के बाद कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी प्रैक्टिस को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए सचिव ने कहा कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों को मिलेगा सम्मान
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि जहां लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
भोजपुर मॉडल की हुई सराहना
समीक्षा के दौरान भोजपुर सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और ड्यूटी रोस्टर की प्रभावी निगरानी पर संतोष व्यक्त किया गया। स्वास्थ्य सचिव ने सिविल सर्जन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी इस मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों से अधिक सर्जरी कराने और 24×7 आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
