Chhattisgarh News: रायपुर, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह बात रायपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद से मुलाकात के दौरान कही।
रेल मंत्री की ओर से मिला उद्घाटन का निमंत्रण
मुख्यमंत्री निवास में हुई सौजन्य भेंट के दौरान डीआरएम दयानंद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण दिया। बैठक में दोनों स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना उन्नयन पर भी चर्चा हुई।
रेलवे आधुनिकीकरण से बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास की जीवनरेखा है। स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
17 जुलाई को होगा वर्चुअल लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करना है।
