Punjab News: चंडीगढ़, 16 जुलाई। पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मोहाली स्थित अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें कौशल विकास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इस दौरान सांसद मलविंदर सिंह कंग और विधायक कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे।
संस्थान के विकास पर खर्च हुए 1.35 करोड़ रुपये
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार ने संस्थान के भवन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण का वातावरण मिल सके।
मुफ्त कोचिंग और छात्रावास की सुविधा
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि संस्थान में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए बैंक पीओ, एएओ, पंजाबी एवं अंग्रेजी स्टेनोग्राफी तथा आईएएस और पीसीएस परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है और नियमानुसार छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है।
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
डॉ. बलजीत कौर ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे राज्य सरकार की शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
अधिकारियों को दिए जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में संस्थान के प्रशासनिक कार्यों, विभागीय कल्याणकारी योजनाओं और संस्थान के समग्र विकास पर चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान में संचालित कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
बैठक में सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख सचिव वी.के. मीना, निदेशक विम्मी भुल्लर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
