Bihar News: पटना, 15 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाना है, ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री ने भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना सहित कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय का होगा पुनर्निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय तथा भागलपुर में AI एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। राज्य में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है।
भागलपुर बनेगा शिक्षा और उद्योग का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार भूमि, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
सड़क, पुल और पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबा गंगा मरीन ड्राइव, कहलगांव स्थित बटेश्वर धाम मंदिर तक रोपवे, भागलपुर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट तथा पीरपैंती में 2400 मेगावाट बिजली परियोजना के विस्तार की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से पर्यटन, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं, स्वास्थ्य और सुशासन पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष पात्र महिलाओं को 25 जुलाई तक राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त से जिला और अनुमंडल अस्पतालों में मरीजों के इलाज की व्यवस्था मजबूत की जाएगी और बिना कारण मरीजों को रेफर करने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी।
अपराध और साइबर क्राइम पर सख्त कार्रवाई का संदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जाति या वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और साइबर अपराध से निपटने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
