Jharkhand News:झारखंड में शिक्षकों की नियुक्तियों को मिलेगी रफ्तार, 15 दिन में यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन होगा सक्रिय

झारखंड
Spread the love

Jharkhand News: रांची, 14 जुलाई। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में लंबित नियुक्तियों में तेजी लाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन (JSUSC) को अगले 15 दिनों के भीतर पूरी तरह सक्रिय किया जाए, ताकि शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक पदों पर नई नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।

लंबित नियुक्तियों में आएगी तेजी

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरना आवश्यक है। इसके लिए यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन को सक्रिय कर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिल सके।

2026-27 से लाइव ऑनलाइन कक्षाओं की तैयारी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए लाइव ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था शुरू करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। इसका उद्देश्य दूरदराज़ क्षेत्रों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी भी होगी सक्रिय

बैठक में मुख्यमंत्री ने कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी को भी अगले 15 दिनों के भीतर सक्रिय करने के निर्देश दिए। यह प्राधिकरण उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी कोचिंग संस्थाओं के संचालन और नियमन का कार्य करेगा।

उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने, रिक्त पदों को भरने और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।