Chhattisgarh News: रायपुर, 13 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ कुल 250 नई MBBS सीटों पर प्रवेश शुरू होगा।
इन पांच जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
NMC की स्वीकृति के बाद निम्न जिलों में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे—
- गीदम (दंतेवाड़ा)
- कुनकुरी (जशपुर)
- मनेन्द्रगढ़
- जांजगीर-चांपा
- कबीरधाम
प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटें होंगी, जिससे राज्य में मेडिकल शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विकसित राज्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा आधुनिक और समावेशी स्वास्थ्य तंत्र तैयार करना है, जहां प्रदेश का कोई भी युवा डॉक्टर बनने के अवसर से वंचित न रहे और लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार भी व्यक्त किया।
आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम (दंतेवाड़ा) और कुनकुरी (जशपुर) जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना डबल इंजन सरकार की विकास नीति का उदाहरण है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी होंगी मजबूत
सरकार के अनुसार नए मेडिकल कॉलेज केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें चिकित्सा अनुसंधान, विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय मानव संसाधन विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इन संस्थानों के शुरू होने से—
- राज्य में MBBS सीटों की संख्या बढ़ेगी।
- दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बेहतर होगी।
- स्थानीय युवाओं को राज्य में ही मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।
- क्षेत्रीय अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिलेगा नया विस्तार
राज्य सरकार का कहना है कि नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार तेज होगा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा। सरकार का मानना है कि यह पहल युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ-साथ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
