Bihar News: पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने गिनाईं उपलब्धियां, TRE-4 में 478 शिक्षकों की होगी भर्ती

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभाग की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। विभाग की मंत्री रमा निषाद ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालयों में TRE-4 के तहत 478 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

इन पदों में 230 पीजीटी, 129 टीजीटी, 103 प्रारंभिक शिक्षक (कक्षा 6-8) और 16 प्रधानाध्यापक शामिल हैं।

70वीं BPSC में योजना के 101 अभ्यर्थी सफल

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री अत्यंत पिछड़ा वर्ग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ पाने वाले 101 अभ्यर्थियों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। अब तक इस योजना के माध्यम से 9,224 उम्मीदवारों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

योजना के तहत UPSC और BPSC सहित कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 30 हजार से 1 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से दी जाती है।

छात्रवृत्ति राशि दोगुनी, 57 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ

विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 से प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि दोगुनी कर दी गई है।

  • कक्षा 1-4: ₹600 से बढ़ाकर ₹1,200
  • कक्षा 5-6: ₹1,200 से बढ़ाकर ₹2,400
  • कक्षा 7-10: ₹1,800 से बढ़ाकर ₹3,600
  • छात्रावासी विद्यार्थियों के लिए: ₹3,000 से बढ़ाकर ₹6,000

इस योजना के तहत 57.16 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ मिला है।

पोस्ट-मैट्रिक और मेधावृत्ति योजनाओं का भी लाभ

पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 5.37 लाख से अधिक विद्यार्थियों को सहायता दी गई।

वहीं 10वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रों को मिलने वाली ₹10,000 की मेधावृत्ति के तहत:

  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 1.19 लाख छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए।
  • पिछड़ा वर्ग के 76,727 विद्यार्थियों को भी सहायता मिली।

छात्रावासों में बढ़ी आर्थिक सहायता

सरकार ने 1 जनवरी 2026 से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की मासिक अनुदान राशि ₹1,000 से बढ़ाकर ₹2,000 कर दी है। इसके अलावा प्रत्येक छात्र को हर महीने 15 किलोग्राम मुफ्त राशन (9 किलो चावल और 6 किलो गेहूं) भी दिया जा रहा है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी

राज्य के 36 जिलों में 38 प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां UPSC, BPSC, SSC, रेलवे, बैंकिंग और पुलिस भर्ती परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जाती है। वर्तमान में लगभग 4,100 छात्र-छात्राएं इन केंद्रों से लाभान्वित हो रहे हैं।

नई ‘अभ्युदय योजना’ और लैपटॉप योजना की तैयारी

मंत्री रमा निषाद ने बताया कि सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग अभ्युदय योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत JEE, NEET, CLAT, NIFT और विदेशों में उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा सरकार नए आवासीय विद्यालयों के निर्माण तथा छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को ₹50,000 तक का लैपटॉप उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य कर रही है।