Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में विभिन्न बोर्ड और आयोगों में नई नियुक्तियां, मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समिति और अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे जनसेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति देंगे।

कई महत्वपूर्ण बोर्ड और आयोगों में नियुक्तियां

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री गौरीशंकर श्रीवास की नियुक्ति की गई है। वहीं सदस्य के रूप में श्री देवशरण सेन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती ममता साहू बनाई गई हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद पर श्री रामलाल चौहान को नियुक्त किया गया है। आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में श्री वेदराम मनहरे को जिम्मेदारी मिली है। सदस्य के रूप में श्री सौरभसिंह जागृत, श्री दुर्गा महेश्वर और श्री दयावंत धर बांधे की नियुक्ति की गई है।

मछुआ कल्याण बोर्ड और संस्कृत विद्या मंडल में भी नई जिम्मेदारियां

छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री आनंद निषाद और सदस्य पद पर श्री नेतराम निषाद को नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी श्री राजेश कुमार राजपूत को दी गई है, जबकि सदस्य के रूप में श्रीमती सुमन मुथा को नियुक्त किया गया है।

शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री राजेन्द्र नायक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बोर्ड के सदस्य के रूप में श्री बसंत पटेल, श्री प्रेमलाल पटेल, श्री संतोष पटेल और श्री प्रेम पटेल की नियुक्ति हुई है।

शिक्षा, बाल अधिकार और फिल्म विकास से जुड़ी संस्थाओं में भी बदलाव

राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष पद पर श्री सुधीर गौतम की नियुक्ति की गई है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य के रूप में श्री मनमथ नाथ शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के सदस्य पद पर श्रीमती प्रसन्ना अवस्थी को नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जे.पी. शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष पद पर श्री किशोर महानंद, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष पद पर श्री आनंद कुमार तिवारी (श्री राजीव लोचन दास महाराज) तथा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर श्री मंगल दास ठाकुर को दायित्व सौंपा गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया भरोसा

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी जनहित और लोककल्याण को प्राथमिकता देते हुए सुशासन को मजबूत करेंगे तथा विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।