Chhattisgarh News: डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का 5 जुलाई को होगा लोकार्पण, CM विष्णु देव साय करेंगे उद्घाटन

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh news: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में व्यापारिक अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नामकरण और लोकार्पण 5 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होकर नए परिसर का उद्घाटन करेंगे।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

रविवार शाम 5 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

लोकार्पण समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक समारोह में भाग लेंगे।

व्यापारिक सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार

डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 के शुरू होने से राजधानी रायपुर की व्यापारिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस बाजार के माध्यम से व्यापारियों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ शहर की थोक बाजार व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित और सुगम होगी। राज्य सरकार का मानना है कि इस परियोजना से व्यापारिक गतिविधियों के साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।