Bihar News: बेंगलुरु में बिहार IT इंडस्ट्री मीट 2026, वैश्विक टेक कंपनियों ने निवेश और GCC स्थापित करने में दिखाई रुचि

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने राज्य को देश के प्रमुख डिजिटल और तकनीकी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026’ का आयोजन बेंगलुरु में किया। इस कार्यक्रम में देश और दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) लीडर्स, स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटल फर्मों और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य बिहार में निवेश आकर्षित करना, वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना और राज्य को डिजिटल अर्थव्यवस्था के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करना था।

बिहार सरकार ने पेश किया डिजिटल विकास का विजन

कार्यक्रम में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम तैयार करना है जहां उद्योग, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा एक साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 राज्य में बड़े निवेश, रोजगार सृजन और वैश्विक तकनीकी कंपनियों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने उद्योग जगत को सिंगल विंडो क्लीयरेंस, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और आधुनिक डिजिटल अवसंरचना की भी जानकारी दी।

वैश्विक कंपनियों के साथ हुई रणनीतिक बैठकें

सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स कीं। इस दौरान Quess Corp के साथ रोजगार और कौशल विकास, जबकि Adobe, Mercedes-Benz, XLR Partners और Brandscapes Worldwide के साथ बिहार में डिजिटल निवेश, अनुसंधान एवं नवाचार तथा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सचिव ने राज्य की निवेश-अनुकूल नीतियों, कुशल मानव संसाधन और उद्योग समर्थक वातावरण का प्रस्तुतीकरण भी किया।

आईटी, एआई और डेटा सेंटर में निवेश की संभावनाओं पर जोर

सम्मेलन में Honeywell, Adobe, Mphasis, Oracle, Salesforce, Razorpay, MyGate, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, RuralShores Business Services और Quodeck.ai सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन बैठकों में आईटी पार्कों के विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, स्टार्टअप इकोसिस्टम, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर गंभीर चर्चा हुई।

बिहार के डिजिटल भविष्य पर उद्योग जगत का भरोसा

उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों, निवेश प्रोत्साहन उपायों तथा तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने राज्य की युवा प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों को भविष्य के निवेश के लिए अनुकूल बताते हुए बिहार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई। बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 ने यह संकेत दिया कि राज्य अब केवल संभावनाओं का केंद्र नहीं, बल्कि आईटी, नवाचार, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और डिजिटल निवेश के क्षेत्र में तेजी से उभरता राष्ट्रीय हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।