Haryana News: हरियाणा सरकार और फ्लिपकार्ट ने राज्य में रोजगार, उद्यमिता और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में फ्लिपकार्ट ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कल्याण कृष्णमूर्ति और मुख्य कॉर्पोरेट मामलों के अधिकारी रजनीश कुमार से मुलाकात की। बैठक में युवाओं के लिए तकनीक आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को डिजिटल बाजारों से जोड़ने तथा राज्य में दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
युवाओं के लिए रोजगार और स्किलिंग पर जोर
बैठक में तकनीक आधारित रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रहा। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवाओं के लिए नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
किसानों और एमएसएमई को मिलेगा बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री और फ्लिपकार्ट प्रबंधन के बीच किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) और एमएसएमई इकाइयों को डिजिटल कॉमर्स से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित सहयोग के तहत कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, बागवानी और ताजे कृषि उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने तथा स्थानीय उत्पादों की पहुंच देशभर के उपभोक्ताओं तक बढ़ाने की योजना पर विचार किया गया।
तकनीक से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि तकनीक आधारित आपूर्ति श्रृंखला और डिजिटल प्लेटफॉर्म ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इससे किसानों, स्थानीय उद्यमियों और छोटे व्यवसायों को नए बाजार मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
हरियाणा में दीर्घकालिक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध फ्लिपकार्ट
फ्लिपकार्ट ने हरियाणा सरकार के साथ दीर्घकालिक सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह डिजिटल कॉमर्स, तकनीक और नवाचार के माध्यम से किसानों, उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
