Punjab News: पंजाब सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए जारी किए ₹1,583 करोड़

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब सरकार ने बुजुर्गों, विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, अनाथ बच्चों और दिव्यांग व्यक्तियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 1,583 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र लाभार्थियों तक सहायता समय पर और सम्मानपूर्वक पहुंचे।

सामाजिक सुरक्षा के लिए 6,131.91 करोड़ रुपये का बजट

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजनाओं के लिए 6,131.91 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस बजट के माध्यम से राज्य के लगभग 36 लाख लाभार्थियों को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सामाजिक सुरक्षा केवल एक योजना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

बुजुर्ग पेंशन के लिए ₹1,048 करोड़ जारी

सरकार द्वारा जारी कुल राशि में से 1,048 करोड़ रुपये से अधिक सीधे बुजुर्ग पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए हैं। इससे राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बन सके।

महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए ₹535 करोड़ की सहायता

सरकार ने विधवाओं, बेसहारा महिलाओं, अनाथ एवं आश्रित बच्चों तथा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 535 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी जारी की है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

पारदर्शी व्यवस्था से समय पर पहुंच रही सहायता

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विभाग ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संचालन को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाया है, जिससे पात्र लाभार्थियों को बिना किसी अनावश्यक देरी के सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा सामाजिक सुरक्षा तंत्र विकसित करना है, जो हर जरूरतमंद तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और राज्य में समावेशी विकास को मजबूत करे.