Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: इन्फ्लुएंसर मीट से डिजिटल दुनिया में चमकेगा छत्तीसगढ़ पर्यटन, करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी प्रदेश की खूबसूरती

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड ने 26 से 30 जून 2026 तक पाँच दिवसीय इन्फ्लुएंसर मीट एवं फेमिलराइजेशन (फेम) टूर का आयोजन किया है। इस पहल के तहत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को दुनिया तक पहुंचाया जा सके।

मैनपाट, सतरेंगा और रामगढ़ महोत्सव का कर रहे हैं अनुभव

इस विशेष फेम टूर के दौरान इन्फ्लुएंसर्स छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों मैनपाट, सतरेंगा और रामगढ़ महोत्सव का भ्रमण कर रहे हैं। यात्रा के दौरान वे प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय संस्कृति, लोककला, पर्यटन सुविधाओं और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रत्यक्ष अनुभव ले रहे हैं।

इन्फ्लुएंसर्स अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए फोटो, वीडियो, रील्स और अन्य डिजिटल कंटेंट तैयार कर रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की खासियत लाखों-करोड़ों दर्शकों तक पहुंचेगी।

मैनपाट और सतरेंगा बन रहे आकर्षण का केंद्र

मैनपाट अपनी हरी-भरी वादियों, तिब्बती संस्कृति, झरनों और शांत प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। वहीं, सतरेंगा तेजी से विकसित हो रहे इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। यहां विशाल जलाशय, प्राकृतिक नज़ारे और एडवेंचर गतिविधियां पर्यटकों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर रही हैं।

दूसरी ओर रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

सोशल मीडिया के जरिए मिलेगी वैश्विक पहचान

डिजिटल युग में पर्यटन को बढ़ावा देने में सोशल मीडिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन क्षमता को देश और विदेश के करोड़ों दर्शकों तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

इस अभियान से न केवल राज्य के पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही हस्तशिल्प, लोककला, ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

पर्यटन प्रचार के लिए नवाचार पर जोर

यह आयोजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य तथा उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। इसका समापन 30 जून 2026 को होगा।

छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड का मानना है कि ऐसे नवाचार आधारित डिजिटल प्रचार अभियान भविष्य में प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आगामी समय में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसी तरह के रचनात्मक और तकनीक आधारित प्रयास जारी रखे जाएंगे।