Punjab News: Mukhyamantri Sehat Yojana के तहत पंजाब में हाई-रिस्क गर्भावस्था और गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं के इलाज को बड़ी मजबूती मिली है। Bhagwant Mann सरकार की इस योजना के जरिए हजारों परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है।
25 मई 2026 तक योजना के तहत 5,300 से अधिक हाई-रिस्क सिजेरियन डिलीवरी और 2,000 से ज्यादा नवजात शिशु देखभाल मामलों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है।
हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी में बना बड़ा सहारा
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के आधार पर किए गए अध्ययन के मुताबिक देश में लगभग हर दूसरी गर्भावस्था हाई-रिस्क श्रेणी में आती है।
गरीबी, शिक्षा की कमी, कम अंतराल में गर्भधारण, पहले सिजेरियन ऑपरेशन और स्वास्थ्य समस्याएं मां और बच्चे दोनों के लिए खतरा बढ़ाती हैं।
ऐसे में मुख्यमंत्री सेहत योजना महिलाओं के लिए बड़ा सहारा बनकर सामने आई है। योजना के तहत जटिल प्रसव और ऑपरेशन से जुड़े इलाज कैशलेस किए जा रहे हैं।
7300 से ज्यादा मामलों में इलाज
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार 25 मई 2026 तक मातृत्व और नवजात देखभाल से जुड़े कुल 7300 मामलों में इलाज किया गया, जिस पर करीब ₹7.04 करोड़ खर्च हुए।
इनमें 5300 हाई-रिस्क सिजेरियन डिलीवरी के मामले शामिल हैं, जिन पर ₹6.37 करोड़ खर्च किए गए।
लाभार्थियों ने साझा किया अनुभव
पटियाला की 28 वर्षीय दीपिका ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें एनीमिया सहित कई जटिलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन सेहत कार्ड के जरिए उनका सिजेरियन ऑपरेशन पूरी तरह कैशलेस हुआ।
उनके पति मनोज ने कहा कि इलाज बिना किसी आर्थिक बोझ के पूरा हो गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
इसी तरह 31 वर्षीय दीक्षा सोनकर ने भी तीसरे बच्चे के जन्म के दौरान कैशलेस इलाज का लाभ लिया। उनके पति विकास सोनकर, जो दिहाड़ी मजदूर हैं, ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी के समय गरीब परिवारों को अक्सर उधार लेना पड़ता है, लेकिन इस योजना ने उनकी चिंता खत्म कर दी।
नवजात शिशुओं को भी मिल रही विशेष सुविधा
योजना के तहत गंभीर रूप से बीमार और समय से पहले जन्मे बच्चों को भी विशेष इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के मुताबिक अब तक 2094 नवजात शिशुओं का अलग-अलग पैकेज के तहत इलाज किया गया है।
- 881 नवजातों को बेसिक नियोनेटल केयर
- 777 नवजातों को स्पेशल नियोनेटल केयर
- 207 नवजातों को इंटेंसिव नियोनेटल केयर
- 116 गंभीर नवजातों को एडवांस्ड नियोनेटल केयर
- 64 नवजातों को क्रिटिकल नियोनेटल केयर सुविधा दी गई
इसके अलावा कई बच्चों को लंबी अवधि की नवजात देखभाल भी उपलब्ध करवाई गई।
44.8 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
मुख्यमंत्री सेहत योजना अब पंजाब के लाखों परिवारों के लिए बड़ा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच बनती जा रही है।
अब तक योजना के तहत लगभग 44.8 लाख लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
