Punjab News: गणतंत्र दिवस के मौके पर होशियारपुर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पंजाब के संवैधानिक अधिकारों, राज्य के विकास कार्यों और सुशासन की दिशा में सरकार के प्रयासों पर खुलकर बात रखी।
“चंडीगढ़ पंजाब का था, है और रहेगा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज़ादी के बाद पंजाब को गैर-कानूनी तरीके से उसकी राजधानी और अलग हाई कोर्ट से वंचित रखा गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चंडीगढ़, पंजाब यूनिवर्सिटी और पंजाब के पानी पर राज्य का हक है और इसे कमजोर करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी। पंजाब अपने अधिकारों के लिए कानूनी और संवैधानिक लड़ाई जारी रखेगा।

पंजाबियों की कुर्बानी और देश में योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आज़ादी और संविधान के लिए पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए हैं। किसान और सैनिकों के योगदान के कारण पंजाब को देश का “अन्नदाता और खड़गभुजा” कहा जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।
धार्मिक विरासत को सम्मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस पूरे राज्य में ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को पवित्र शहर घोषित किया गया है। साथ ही श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व 1 से 20 फरवरी 2027 तक राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।
नशे और अपराध पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियानों से राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। सीमा पर एंटी-ड्रोन तकनीक लगाई गई है और नशा तस्करी पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा में बड़ी सफलता
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा फोर्स के गठन के बाद सड़क हादसों में मौतों में 48 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। यह मॉडल अब अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहा है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत सभी परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। 881 आम आदमी क्लीनिक रोजाना मुफ्त इलाज दे रहे हैं। बिना रिश्वत 63 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। शिक्षा में स्कूल ऑफ एमिनेंस और बेहतर प्रशिक्षण से अच्छे नतीजे सामने आए हैं।
निवेश और विकास की रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2022 से अब तक 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे 5.2 लाख रोजगार के अवसर बने हैं। पंजाब प्रगतिशील निवेश सम्मेलन 13 से 15 मार्च को होगा।
“पंजाब झुका नहीं, न झुकेगा”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के साथ भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। राज्य अपने हकों, एकता और भाईचारे की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा।
