महिला किसान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का प्रसारण 15 अक्टूबर को
राजस्थानी लोक-संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति देगी गुलाबो सपेरा
Delhi News: महिला किसान दिवस के अवसर पर डीडी किसान चैनल 15 अक्टूबर को देशभर की प्रगतिशील महिला किसानों की संघर्ष और सफलता की गाथा लेकर एक विशेष कार्यक्रम प्रसारित करेगा। यह दिवस इस साल दसवीं बार मनाया जा रहा है। पहला महिला किसान दिवस वर्ष 2016 में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग डीडी किसान चैनल के स्टूडियो में की गई, जिसमें कई गणमान्य अतिथियों सहित देश की नामचीन कृषि विभूतियां मौजूद रहीं। इस मौके पर दूरदर्शन के महानिदेशक के. सतीश नंबूदिरीपाद, डीडी किसान के उपमहानिदेशक लोकमान सिंह और उपमहानिदेशक व कार्यक्रम प्रमुख राजकुमार नाहर ने महिला किसान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़े: Delhi में 17 हजार से ज्यादा घरों में लगा सोलर प्लांट, CM रेखा गुप्ता की लोगों से खास अपील
डीडी किसान के इस विशेष कार्यक्रम में देश की कई जानी-मानी महिला किसानों की प्रेरक कहानियां दिखाई जाएंगी। इनमें ‘किसान चाची’ के नाम से प्रसिद्ध पद्मश्री राजकुमारी देवी, ‘नारियल अम्मा’ पद्मश्री कामाची चेल्लाम्मल, देश की पहली ‘नमो ड्रोन दीदी’ विमला सिंवर, कृषि उद्यमी अन्नू कानावत, ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत पद्मश्री जनक पलटा और डेयरी फार्मिंग में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रेणु सांगवान जैसी हस्तियां शामिल हैं। कार्यक्रम में राजस्थान की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध पद्मश्री गुलाबो सपेरा द्वारा कालबेलिया नृत्य की विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

