Asia Cup Hockey: भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 में जीत के साथ आगाज किया है। 29 अगस्त (शुक्रवार) को बिहार के राजगीर में खेले गए मुकाबले में भारत ने चीन को 4-3 से हराकर अपने विजयी अभियान की शुरुआत की। मुकाबले में पहले क्वार्टर में भारतीय टीम चीन पर हावी रही, लेकिन वो कोई गोल नहीं कर पाई। दूसरी ओर दु शिंहाओ ने खेल के 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके चीनी टीम को 1-0 की लीड दिला दी।
ये भी पढ़ें: Bihar: बिहार के राजगीर पहुंचे CM नीतीश, हॉकी एशिया कप ट्रॉफी का किया अनावरण

फिर दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारतीय टीम को बराबरी दिला दी। इसी क्वार्टर के पांचवें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी गोल किया, जिसके चलते भारत ने 2-1 की लीड ले ली। हाफटाइम तक स्कोर यही रहा। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 3-1 की लीड दिला दी. हालांकि कुछ मिनट बाद ही चेन बेनहाई ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। गाओ जिशेंग ने तीसरे क्वार्टर के 11वें मिनट में गोल दागा जिससे स्कोर 3-3 हो गया। फिर चौथे एवं आखिरी क्वार्टर के दूसरे मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 4-3 की निर्णायक लीड दिलाई।
ये भी पढ़ें: Bihar: बिहार पुलिस की बड़ी सफलता: फिरौती के लिए अपहरण कांड का 3 घंटे में खुलासा, अपहृत युवक सुरक्षित बरामद
भारत को पूल-ए में चीन, कजाकिस्तान और जापान के साथ रखा गया है। जबकि पूल-बी में साउथ कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हैं। देखा जाए तो कजाकिस्तान की टीम तीन दशक में पहली बार एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भाग ले रही है. कजाकिस्तान ने ओमान की जगह ली है। उधर बांग्लादेश ने पाकिस्तान का स्थान लिया है। पाकिस्तानी टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था.