Bihar News: पटना, 17 जुलाई। बिहार पुलिस ने अपराध नियंत्रण, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और मानव तस्करी के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था एवं कमजोर वर्ग) के. सुहिता अनुपम ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष कुर्की अभियान चलाया जा रहा है, जबकि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
विशेष कुर्की अभियान में 2,125 मामलों का निष्पादन
एडीजी ने बताया कि 11 से 20 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष कुर्की अभियान के तहत अब तक 2,125 कुर्की मामलों का निष्पादन किया गया है। पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहने वाले अपराधियों के खिलाफ कुर्की सहित अन्य कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर और साइबर क्राइम एवं सुरक्षा इकाई (CCSU) द्वारा 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। 1 मई से 14 जुलाई 2026 के बीच सोशल मीडिया पर हथियार लहराने या उसका प्रदर्शन करने के मामलों में 102 एफआईआर दर्ज की गईं और 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 40 हथियार भी बरामद किए गए। सबसे अधिक कार्रवाई पटना, नवगछिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी और मोतिहारी जिलों में हुई।
आपत्तिजनक पोस्ट और वायरल वीडियो पर भी निगरानी
पुलिस के अनुसार धार्मिक या जातीय टिप्पणी तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट और वायरल वीडियो से जुड़े 514 मामलों की पहचान की गई है। इनमें से 243 मामलों में कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है। इसके अलावा डायल-112 का औसत रिस्पांस टाइम अब 10 मिनट तक पहुंच गया है और चरित्र सत्यापन (Character Verification) की प्रक्रिया भी ऑनलाइन कर दी गई है।
ऑपरेशन नया सवेरा-3.0 में 109 मानव तस्कर गिरफ्तार
मानव तस्करी के खिलाफ 1 से 14 जुलाई तक चलाए गए ऑपरेशन नया सवेरा-3.0 के तहत 52 एफआईआर दर्ज की गईं और 109 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 82 महिलाओं और 75 पुरुषों को सुरक्षित बचाया गया। गिरफ्तारियों के मामले में पटना, सहरसा और किशनगंज शीर्ष जिलों में रहे, जबकि सबसे अधिक रेस्क्यू किशनगंज, सीतामढ़ी और पटना/अरवल/मुजफ्फरपुर रेल क्षेत्रों में किया गया।
नशे और आतंकवाद के खिलाफ भी अभियान जारी
एडीजी ने बताया कि मई-जून के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। वहीं मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 17.883 किलोग्राम हेरोइन, 26,135 किलोग्राम गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
21 जुलाई से शुरू होगा ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’
युवाओं को कानून के प्रति जागरूक करने के लिए 21 जुलाई से 10 अगस्त तक ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ चलाया जाएगा। इसके तहत मानव तस्करी, दहेज प्रताड़ना, पॉक्सो कानून, महिला अपराध और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड)’ भी सक्रिय की जाएगी।
