Delhi News: फेम इंडिया मैगज़ीन और एशिया पोस्ट सर्वे ने वर्ष 2026 के लिए देश के 30 उत्कृष्ट सांसदों की अंतिम सूची जारी कर दी है। व्यापक और बहुस्तरीय सर्वेक्षण के बाद लोकसभा के 25 और राज्यसभा के 5 सांसदों का चयन किया गया। सर्वेक्षण का उद्देश्य संसदीय प्रदर्शन, जनसेवा, विकास कार्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर उत्कृष्ट जनप्रतिनिधियों की पहचान करना था।
कई चरणों में हुआ सांसदों का मूल्यांकन
फेम इंडिया के अनुसार सर्वेक्षण कई चरणों में पूरा किया गया। प्रारंभिक स्तर पर सांसदों का मूल्यांकन उनकी संसदीय उपस्थिति, सदन में भागीदारी, बहसों में योगदान, पूछे गए प्रश्न, निजी विधेयक, सांसद निधि के उपयोग और सामाजिक सहभागिता जैसे मानकों के आधार पर किया गया।
इसके बाद चयनित सांसदों के जनसंपर्क, क्षेत्रीय विकास, नेतृत्व क्षमता, सार्वजनिक छवि, कार्यशैली, नवाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का विस्तृत अध्ययन किया गया।
नागरिकों और विशेषज्ञों की राय भी शामिल
सर्वेक्षण को अधिक निष्पक्ष और व्यापक बनाने के लिए नागरिकों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की राय भी शामिल की गई। साथ ही ग्राउंड रिपोर्ट, सार्वजनिक आंकड़ों और संसदीय रिकॉर्ड का विश्लेषण कर अंतिम सूची तैयार की गई।
फेम इंडिया ने बताया कि प्रारंभिक चरण में लगभग 100 सांसदों की सूची जारी कर आम जनता से सुझाव मांगे गए थे। प्राप्त सुझावों और विस्तृत समीक्षा के बाद अंतिम 30 सांसदों का चयन किया गया।
पहली बार राज्यसभा सांसदों को भी मिला स्थान
इस वर्ष की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार राज्यसभा सदस्यों को भी सर्वेक्षण में शामिल किया गया। अलग-अलग कार्यकाल होने के कारण उनके प्रदर्शन का तुलनात्मक अध्ययन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन वस्तुनिष्ठ मानकों और विशेषज्ञ विश्लेषण के आधार पर अंतिम चयन किया गया।
सर्वेक्षण में केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा लोकसभा और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष को शामिल नहीं किया गया, ताकि सांसदों के स्वतंत्र संसदीय योगदान का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सके।
