UP News

UP News: सीएम योगी ने आयुष विश्वविद्यालय में छात्रावासों का किया उद्घाटन, निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का भी लिया जायजा

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय में नवनिर्मित बालक और बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावासों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया और विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के कार्यों की भी समीक्षा की।

महंत अवेद्यनाथ के नाम पर बालक छात्रावास

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के दौरान बताया कि बालक छात्रावास का नाम उनके गुरुदेव राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की स्मृति में रखा गया है, जबकि बालिका छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है।

उन्होंने छात्रावास के आवंटित एमडी आयुर्वेद के विद्यार्थियों को उनके कमरों की चाबियां भी सौंपी।

विद्यार्थियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रावास का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और छात्रों से आत्मीय बातचीत की।

उन्होंने विद्यार्थियों को आयुर्वेद की उच्च शिक्षा को भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उज्ज्वल करियर की शुभकामनाएं दीं।

छात्रावासों में बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि:

  • खिड़कियों पर सुरक्षा जालियां लगाई जाएं।
  • छात्रावास में साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  • मेस में गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
  • विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें।

ऑडिटोरियम निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

छात्रावास उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया।

कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट लेने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट है आयुष विश्वविद्यालय

महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है।

  • 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इसका शिलान्यास किया था।
  • 1 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया।

कुलपति ने किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. रामचंद्र रेड्डी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में विकसित हो रहे शैक्षणिक और आवासीय ढांचे की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह संस्थान आयुष शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।