Chhattisgarh News:महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।

29 किश्तों में अब तक 18,805.83 करोड़ रुपये का भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 29 किश्तों के माध्यम से 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन चुकी है।

महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने उन्हें बताया कि योजना से मिलने वाली मासिक सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने बताया कि कई महिलाओं ने इस राशि से छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, कुछ ने सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को अपनाया है, जबकि अनेक परिवार इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।

‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से भी मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ ‘लखपति दीदी’ सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रक्रिया जल्द पूरी कर सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

क्या है महतारी वंदन योजना?

महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से छत्तीसगढ़ में लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।

सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिलने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वरोजगार जैसी गतिविधियों को भी मजबूती मिल रही है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

राज्य सरकार का दावा है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियमित वित्तीय सहायता के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।