UP News

UP News: अयोध्या में सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर हमला, बीकापुर को दी 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया और अयोध्या में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अयोध्या को सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आस्था का दिखावा करने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि जो लोग हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वा सकते हैं, क्या वे जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकते हैं?

432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का श्रेय स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को देते हुए कहा कि सक्रिय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं।

दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा।

वहीं भदरसा नगर पंचायत को अब भरतपुर भरतकुंड नगर पंचायत के नाम से जाना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के भाई भरत ने 14 वर्षों तक भरतकुंड के पास रहकर भगवान राम की आज्ञा का पालन किया और उनकी चरण पादुकाओं के माध्यम से अयोध्या का शासन चलाया।

सक्रिय जनप्रतिनिधियों से विकास को मिलती है गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है तो विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा कि बीकापुर की जनता ने सक्रिय विधायक चुना है, जिसका परिणाम क्षेत्र में दिखाई दे रहे विकास कार्यों के रूप में सामने आ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या, बीकापुर, मिल्कीपुर, गोसाईगंज और रुदौली में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सक्रिय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।

कभी विकास से वंचित थी अयोध्या

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही।

उन्होंने कहा कि पहले पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

लेकिन अब अयोध्या में बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं पर काम किया गया है।

सोलर सिटी बनी अयोध्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या अब देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन शहरों में शामिल हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है।

नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक घाटों की श्रृंखला विकसित की गई है। सूरजकुंड का पुनरुद्धार किया गया है और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का काम भी चल रहा है।

अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बढ़ी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल अयोध्या में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर लोगों को गुमराह करते थे।

अब महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है और शहर देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि बेहतर एयर, रेल और रोड कनेक्टिविटी के कारण अयोध्या में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिला है।

श्रृंग्वेरपुर में भगवान राम और निषादराज का स्मारक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रृंग्वेरपुर में जिस जमीन पर वक्फ के नाम पर कब्जा कराने का प्रयास किया जा रहा था, वहां भाजपा सरकार ने भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा और स्मारक का निर्माण कराया है।

उन्होंने कहा कि श्रृंग्वेरपुर को पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित किया गया है।

राम मंदिर निर्माण को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ।

आज अयोध्या आने वाले श्रद्धालु भक्ति पथ, धर्म पथ, राम पथ और जन्मभूमि पथ जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

फोरलेन और सिक्स लेन सड़कों से बदली अयोध्या की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में पहले सिंगल लेन सड़कें थीं, लेकिन अब फोरलेन और सिक्स लेन सड़कों का निर्माण किया गया है।

बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से अयोध्या के साथ बीकापुर, रुदौली, मिल्कीपुर और गोसाईगंज क्षेत्रों को भी फायदा मिल रहा है।

देश-दुनिया में बढ़ा अयोध्या और उत्तर प्रदेश का सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के लोगों को अलग नजरिए से देखा जाता था, लेकिन अब प्रदेश और अयोध्या के लोगों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाकर काम किया जा रहा है।

राम जन्मभूमि आंदोलन के लंबे संघर्ष का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

बारिश के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने का जज्बा अयोध्या की पहचान है।

कार्यक्रम में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान, गोरखनाथ बाबा, इंद्रप्रताप तिवारी ‘खब्बू’, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।