Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार, ब्रेडा (BREDA) और कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के संयुक्त तत्वावधान में पटना में दो दिवसीय ‘सोलर एंड सस्टेनेबल एनर्जी समिट एवं प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना, उद्योगों को आधुनिक ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराना और बिहार को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।
बिहार में तेजी से बढ़ रही बिजली की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि राज्य में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि एक दशक पहले बिहार की पीक बिजली मांग करीब 1,800 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर लगभग 9,000 मेगावाट तक पहुंच गई है। आने वाले वर्षों में मांग और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सरकार बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण प्रणाली को लगातार मजबूत कर रही है।
सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर विशेष जोर
ऊर्जा सचिव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और प्रधानमंत्री-कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि बिहार में पहले ही रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी और पंप स्टोरेज पॉलिसी लागू की जा चुकी है, जबकि ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी पर भी तेजी से काम चल रहा है। सरकार भविष्य में ग्रीन ओपन एक्सेस पॉलिसी लाने की दिशा में भी प्रयास कर रही है, जिससे उद्योगों को हरित ऊर्जा अपनाने में सुविधा मिलेगी।
सतत डेटा सेंटर नीति पर रिपोर्ट जारी
समिट के दौरान “Sustainable Data Centre Policy for Bihar” विषय पर एक विशेष रिपोर्ट भी जारी की गई।
इस रिपोर्ट में बिहार में हरित डेटा सेंटर विकसित करने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और निवेश को आकर्षित करने के लिए आवश्यक नीतिगत सुझावों का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
बिहार की हरित ऊर्जा यात्रा को मिलेगी नई दिशा
विशेषज्ञों का मानना है कि सोलर एंड सस्टेनेबल एनर्जी समिट बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा निवेश, औद्योगिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को नई गति देगा। सरकार की नई नीतियों और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार से आने वाले वर्षों में बिहार हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के प्रमुख राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर सकता है।
