Punjab News: अमृतसर, 28 जून। श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष 29 जून को प्रस्तावित पेशी से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को अमृतसर में अपने सिख विधायकों और मंत्रियों की अहम बैठक की। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाग लिया। इसमें श्री अकाल तख्त के समक्ष पार्टी का पक्ष रखने और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
29 जून को होगी श्री अकाल तख्त के समक्ष पेशी
श्री अकाल तख्त ने पंजाब के सभी सिख विधायकों और सिख कैबिनेट मंत्रियों को 29 जून को तलब किया है। यह बुलावा जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 को लेकर जारी किया गया है। विधायकों और मंत्रियों से इस कानून पर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।
भगवंत मान बोले- लिखित जवाब और वीडियो संदेश भेजूंगा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी सिख विधायक और मंत्री श्री अकाल तख्त के समक्ष उपस्थित होकर सरकार का पक्ष रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं अपना पक्ष लिखित रूप में और वीडियो संदेश के जरिए प्रस्तुत करेंगे।
पार्टी ने एकजुट होकर पेश होने का लिया फैसला
बैठक में मौजूद नेताओं ने धार्मिक और संवैधानिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए तय किया कि पार्टी एकजुट होकर श्री अकाल तख्त के समक्ष अपनी बात रखेगी। AAP नेतृत्व का कहना है कि सरकार का उद्देश्य गुरु साहिब के सम्मान की रक्षा करना है और संशोधित कानून भी इसी भावना के अनुरूप लाया गया है।
पंजाब की राजनीति में बढ़ा घटनाक्रम का महत्व
श्री अकाल तख्त की इस पेशी को पंजाब की राजनीति और पंथक मामलों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक संगठनों की नजरें अब 29 जून की बैठक पर टिकी हैं, जहां इस मुद्दे पर आगे की दिशा स्पष्ट हो सकती है।
