Punjab News: पंजाब सरकार की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली योजना को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं को दी जाने वाली सम्मान राशि का कार्यक्रम दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण अभियान बनने जा रहा है।
केजरीवाल ने पंजाब की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव के दौरान किया गया वादा पूरा किया है और 1 जुलाई से महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी।
1 जुलाई को खातों में आएंगे तीन महीने के पैसे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार पात्र महिलाओं के खातों में एक साथ तीन महीने की सम्मान राशि भेजेगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये एकमुश्त मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं तो प्रत्येक महिला को यह लाभ मिलेगा।
महिला सम्मान को मजबूत करने की पहल
केजरीवाल ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी पहल है। उन्होंने दावा किया कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता देने वाला यह दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं केवल आम आदमी पार्टी ही लागू कर सकती है क्योंकि पार्टी आम लोगों की जरूरतों और सम्मान को प्राथमिकता देती है।
महिलाओं की मांग पर लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में फतेहगढ़ साहिब जिले के चनार्थल कलां में आयोजित एक लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से पूछा कि वे हर महीने राशि लेना पसंद करेंगी या फिर दो-तीन महीने की राशि एक साथ।
महिलाओं ने एकमुश्त भुगतान की मांग की, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तीन महीने की राशि एक साथ देने की घोषणा की।
छोटे-छोटे खर्चों में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि यह राशि महिलाओं को अमीर बनाने के लिए नहीं, बल्कि उनके दैनिक सामाजिक और पारिवारिक खर्चों में सहयोग देने के लिए है। परिवार में आने वाले मेहमानों, बच्चों, नाती-पोतों या अन्य छोटे घरेलू खर्चों में यह सहायता उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने घर में सम्मान चाहता है और यह योजना महिलाओं के उसी सम्मान को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने की कोशिश
पंजाब सरकार का मानना है कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से महिलाओं के खातों में सीधे राशि भेजने से उन्हें आर्थिक रूप से अधिक स्वतंत्रता मिलेगी। इससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी और महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत होगी।
1 जुलाई को राशि जारी होने के साथ ही राज्य की लाखों महिलाओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
