Punjab News: पंजाब के नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री Bhagwant Mann पूरी तरह चुनावी तेवर में नजर आए। करीब डेढ़ घंटे तक चले अपने संबोधन में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) की बड़ी जीत को सरकार के कामकाज पर जनता की “मजबूत मुहर” बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ने धर्म, जाति और डर की राजनीति को नकारते हुए विकास और काम के नाम पर वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों में सुधार, भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई और पारदर्शी सरकारी नौकरियों पर भरोसा जताया है।
“अब फाइनल की तैयारी करो”
Bhagwant Mann ने कहा कि विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषक इन चुनावों को पहले “क्वार्टर फाइनल” और “सेमीफाइनल” बता रहे थे। लेकिन लगातार मिल रही जीत के बाद अब साफ हो गया है कि AAP “फाइनल” तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि अब सिर्फ 2027 विधानसभा चुनाव की आखिरी लड़ाई बाकी है और वहां भी पार्टी पहले से बड़ी जीत दर्ज करेगी।
AAP को मिली जबरदस्त बढ़त
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में 13 हजार गांवों में से 11 हजार से ज्यादा पंचायतों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इसके बाद जालंधर लोकसभा उपचुनाव, चार विधानसभा उपचुनाव, जिला परिषद, ब्लॉक समिति और अब नगर निगम व नगर पंचायत चुनावों में भी जनता ने AAP के पक्ष में फैसला दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी 890 से ज्यादा सीटें जीत चुकी है और कई निर्दलीय उम्मीदवार भी बाद में AAP का समर्थन कर रहे हैं।
मालवा, माझा और दोआबा में मिला समर्थन
CM मान ने कहा कि मालवा, माझा और दोआबा तीनों क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत समर्थन मिला। किसानों, व्यापारियों, रेहड़ी वालों, युवाओं और मध्यम वर्ग ने सरकार के काम पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि यह किसी एक नेता की नहीं बल्कि काम की जीत है। करोड़ों लोगों का इलाज आम आदमी क्लीनिक में हुआ, लोगों के बिजली बिल जीरो आए और युवाओं को बिना रिश्वत सरकारी नौकरियां मिलीं। जनता ने उसी आधार पर वोट दिया है।
“शांतिपूर्ण चुनाव से लोकतंत्र मजबूत हुआ”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हुए। पहले चुनावों में झड़पें और हिंसा देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार पंजाब के लोगों ने शांति से मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग प्यार और सम्मान की राजनीति पसंद करते हैं, डर और दबाव की नहीं।
विपक्ष पर साधा निशाना
Bhagwant Mann ने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हार के बाद विपक्ष आत्ममंथन करने की बजाय बहाने ढूंढ रहा है। जहां जीत मिलती है वहां चुनाव सही लगते हैं और जहां हार होती है वहां ईवीएम और धांधली के आरोप शुरू हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा कई जगह पांचवें नंबर तक पहुंच गई और पार्टी करीब 2 प्रतिशत वोटों तक सिमट गई। उन्होंने कहा कि भाजपा के 95 प्रतिशत उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
केंद्रीय एजेंसियों पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि AAP नेताओं और मंत्रियों को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश हुई, लेकिन जनता ने चुनाव नतीजों से इसका जवाब दे दिया।
मान ने कहा, “जब हमने कोई गलत काम किया ही नहीं तो डरने का सवाल ही नहीं उठता।”
“झाड़ू सफाई करता रहेगा”
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “झाड़ू जब सफाई करता है तो कुछ कमजोर तिनके निकल जाते हैं, लेकिन झाड़ू सफाई करना बंद नहीं करता।” उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचार और जनआंदोलन है।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
अपने संबोधन के आखिर में मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कहा कि लगातार चुनावी जीत यह साबित करती है कि पंजाब की जनता AAP के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि 2027 में भी जनता विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के मुद्दों पर वोट देगी और पार्टी फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी।
