India Today: बड़ी ख़बर इंडिया टुडे ग्रुप से आ रही है। ग्रुप के डिजिटल न्यूज पोर्टल ‘द लल्लनटॉप’ (The Lallantop) और ‘इंडिया टुडे’ (हिंदी) के एडिटर सौरभ द्विवेदी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस नए बदलाव के साथ ही कुलदीप मिश्रा को ‘द लल्लनटॉप’ की संपादकीय जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रजत सेन प्रोडक्शन टीम का नेतृत्व करेंगे।

इस बारे में ‘इंडिया टुडे’ समूह की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने लिखा है, ‘इंडिया टुडे ग्रुप डिजिटल के साथ 12 साल की पारी के बाद ‘द लल्लनटॉप’ और इंडिया टुडे (हिंदी) के एडिटर सौरभ द्विवेदी अब अलग-अलग क्षेत्रों में नए अवसर तलाशने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने aajtak.in में फीचर्स एडिटर के रूप में जॉइन किया था और कमलेश के साथ मिलकर लल्लनटॉप को देश के हिंदी भाषी इलाकों के युवाओं का भरोसेमंद और पसंदीदा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया।’
इसके साथ ही कली पुरी ने लिखा, ‘मुझे सौरभ और उनके द्वारा किए गए काम पर बेहद गर्व है। समय के साथ हम इस बात पर चर्चा करते रहे हैं कि वे अपनी रचनात्मक ऊर्जा ऐसे अन्य माध्यमों में लगाना चाहते हैं, जो फिलहाल इंडिया टुडे ग्रुप के पोर्टफोलियो का हिस्सा नहीं हैं। कुलदीप और रजत दोनों ही लल्लनटॉप की फाउंडिंग टीम का हिस्सा रहे हैं। किसी संस्थान में अपने ही लोगों के जरिये पीढ़ीगत बदलाव देखना मुझे सबसे ज़्यादा संतोष देता है। कुलदीप अक्सर एलटी शो और नेतानगरी जैसे कार्यक्रमों की एंकरिंग करते हैं, जबकि रजत ने द लल्लनटॉप को प्रोडक्शन के कई बदलावों और नए दौर से सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। हालांकि सौरभ की कमी ज़रूर महसूस होगी, लेकिन आने वाले इस बदलाव को लेकर मैं काफ़ी उत्साहित हूं।’

बता दें कि सौरभ द्विवेदी मूलरूप से उत्तर प्रदेश में उरई के रहने वाले हैं। कानपुर से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और फिर यहीं बस गए। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका आगाज 2007 में स्टार न्यूज के साथ इंटर्नशिप से हुआ। इंटर्नशिप पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ वक्त तक एक एस्ट्रो शो में काम किया और फिर ‘टाइम्स‘ समूह से जुड़ गए। ‘नवभारत टाइम्स’ में करीब तीन साल पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने के बाद सौरभ ने न्यूज एडिटर के रूप में ‘भास्कर‘ समूह का दामन थामा और यहां से उनकी सीधे ‘इंडिया टुडे‘ ग्रुप में एंट्री हुई, जहां से अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
ख़बरी मीडिया की तरफ से सौरभ द्विवेदी को नई पारी और कुलदीप मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।
