Punjab News: चंडीगढ़, 9 जून 2026। पंजाब सरकार ने राज्य के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को पनबस की पांच नई सुपर इंटीग्रल वोल्वो कोच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें जालंधर और लुधियाना से सीधे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक यात्रियों को सुविधा प्रदान करेंगी।
यात्रियों को मिलेगी आरामदायक और सुरक्षित यात्रा
इस अवसर पर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नई बस सेवा का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और आम लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल लोगों की यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि लंबे समय से इस रूट पर सक्रिय ट्रांसपोर्ट माफिया के प्रभाव को भी समाप्त करने में मदद करेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। दिल्ली एयरपोर्ट बस सेवा की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी और अब इसे और विस्तार दिया जा रहा है।
पनबस बेड़े में शामिल होंगी 15 नई प्रीमियम बसें
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि पनबस के बेड़े में कुल 15 नई सुपर इंटीग्रल कोच बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें से पहली खेप के रूप में पांच बसों को आज रवाना किया गया है। शेष बसें भी जल्द ही सेवा में शामिल होंगी, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जानिए बसों का समय
नई वोल्वो बसें जालंधर बस अड्डे से प्रतिदिन सुबह 6:50, 7:40, 9:10 बजे, दोपहर 2:27 बजे और रात 11:30 बजे रवाना होंगी। वहीं लुधियाना बस अड्डे से बसों का संचालन सुबह 8:20, 9:15, 11:20 बजे, दोपहर 4:20 बजे और रात 12:20 बजे किया जाएगा।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पंजाब के लिए वापसी सेवाएं सुबह 4:40 बजे, 9:00 बजे, शाम 5:20 बजे, 7:30 बजे और रात 9:40 बजे उपलब्ध रहेंगी।
पंजाब में परिवहन ढांचे का हो रहा आधुनिकीकरण
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार राज्यभर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के बेड़े में कुल 696 नई बसें शामिल की जा रही हैं।
इनमें पनबस के लिए 100 नई साधारण बसें, 100 एचवीएसी वातानुकूलित बसें और किलोमीटर स्कीम के तहत 10 अतिरिक्त सुपर इंटीग्रल कोच बसें शामिल हैं। वहीं पीआरटीसी को 245 नई साधारण बसों से मजबूत किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन नई बसों से पूरे पंजाब में परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और विश्वसनीयता में बड़ा सुधार होगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू और स्टेट ट्रांसपोर्ट विभाग के निदेशक एवं पनबस के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार गुप्ता सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
