Bihar News: विकसित बिहार के लिए दुनिया भर के बिहारियों को जोड़ने की नई पहल, डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य के विकास में दुनिया भर में रह रहे बिहार मूल के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। सूचना प्रावैधिकी विभाग द्वारा एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है, जिसका शुभारंभ विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने 9 जून 2026 को किया। इस पहल का उद्देश्य वैश्विक बिहारी समुदाय को बिहार के विकास, नवाचार, निवेश और तकनीकी प्रगति से जोड़ना है। कार्यक्रम में विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

बिहार की प्रतिभाओं को राज्य के विकास से जोड़ने की पहल

पोर्टल लॉन्च करते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज दुनिया के विभिन्न देशों, प्रतिष्ठित संस्थानों और बड़े संगठनों में अपनी पहचान बना रही हैं। ऐसे में उनके अनुभव, ज्ञान, सुझाव और निवेश क्षमता को बिहार के विकास से जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाला बिहारी अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान देना चाहता है और सरकार उसे इसके लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध करा रही है।

तीन प्रमुख विकल्पों के जरिए होगी भागीदारी

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वैश्विक बिहारी समुदाय के लिए तीन प्रमुख विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पहला ‘चेंज मेकर’ विकल्प है, जिसके माध्यम से लोग बिहार के विकास के लिए अपने विचार, सुझाव, विशेषज्ञता और नवाचार साझा कर सकते हैं। दूसरा ‘वॉलंटियर’ विकल्प है, जिसके जरिए लोग सामाजिक, तकनीकी और विकासात्मक अभियानों में स्वयंसेवी सहयोग दे सकते हैं। तीसरा ‘इन्वेस्टमेंट’ विकल्प है, जहां निवेशक और उद्यमी बिहार में उद्योग लगाने, रोजगार सृजन करने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव दे सकते हैं।

विचार, सहयोग और निवेश का बनेगा साझा मंच

सरकार का मानना है कि यह प्लेटफॉर्म सिर्फ सुझाव देने का माध्यम नहीं होगा, बल्कि बिहार और वैश्विक बिहारी समुदाय के बीच एक मजबूत संवाद का पुल बनेगा। इसके माध्यम से लोग सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे और राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। इससे विचार, सहयोग और निवेश तीनों स्तरों पर सहभागिता बढ़ेगी।

डिजिटल इंडिया के विजन को मिलेगा बल

नीतीश मिश्रा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन को आगे बढ़ाने वाली है। उन्होंने बताया कि बिहार एआई समिट 2026 के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य से बाहर रहने वाले बिहारियों से अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ जन्मभूमि के विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया था। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए यह डिजिटल मंच तैयार किया गया है।

विकसित बिहार के लक्ष्य को मिलेगी नई गति

मंत्री ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत उसके लोग हैं, जो दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। यदि उनके अनुभव, तकनीकी ज्ञान, नवाचार और निवेश क्षमता को बिहार से जोड़ा जाए तो राज्य के विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने वैश्विक बिहारी समुदाय से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार के निर्माण में सभी को आगे आना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस पोर्टल की निगरानी वह स्वयं करेंगे, ताकि प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों पर गंभीरता से काम किया जा सके। सरकार को विश्वास है कि वैश्विक बिहारी समुदाय के सहयोग से बिहार को ज्ञान आधारित, तकनीक संचालित और नवाचार प्रधान राज्य बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा।